गाजियाबाद पहुंचे CM योगी, दूधेश्वरनाथ मंदिर में किया जलाभिषेक, कॉरिडोर और कांवड़ यात्रा तैयारियों की समीक्षा

गाजियाबाद पहुंचे CM योगी, दूधेश्वरनाथ मंदिर में किया जलाभिषेक, कॉरिडोर और कांवड़ यात्रा तैयारियों की समीक्षा

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गाजियाबाद स्थित प्राचीन दूधेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक और पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर में महंत नारायण गिरी ने मुख्यमंत्री का पटका पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।

मंदिर दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने दूधेश्वरनाथ कॉरिडोर के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कॉरिडोर परियोजना की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री वेद विद्यापीठ के रजत जयंती समारोह में भी शामिल हुए। यहां उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई, वैदिक शिक्षा तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए भारतीय संस्कृति और वैदिक परंपरा के संरक्षण को महत्वपूर्ण बताया।

इससे पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादनगर के रावली रोड स्थित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जहां पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी की पुण्यतिथि पर आयोजित समारोह में उन्होंने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजियाबाद आज एनसीआर और दिल्ली क्षेत्र के विकास का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था में सुधार, सुशासन और सुरक्षा के कारण जिले में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते वर्षों में देश में सुशासन और अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति लागू की गई है। इसी का परिणाम है कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज मजबूत हुआ है और गाजियाबाद तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 868 करोड़ रुपये की लागत वाली 90 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। साथ ही ODOP (One District One Product) योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों और प्रतिभागियों को सम्मानित किया। उन्होंने पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण करते हुए उनके जनसेवा के योगदान को याद किया।

अपने गाजियाबाद प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने राजनगर एक्सटेंशन स्थित अपनी बहन पुष्पा चौधरी के आवास पर भी मुलाकात की। करीब 45 मिनट तक परिवार के साथ समय बिताने के दौरान उन्होंने कुशलक्षेम जानी। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और यातायात व्यवस्था में भी अस्थायी बदलाव किए गए।