बाराबंकी पहुंचे सीएम योगी, बोले- ‘दोनों हाथों में लड्डू’; विकास और धार्मिक पर्यटन से बदलेगी तस्वीर

बाराबंकी पहुंचे सीएम योगी, बोले- ‘दोनों हाथों में लड्डू’; विकास और धार्मिक पर्यटन से बदलेगी तस्वीर

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को बाराबंकी के रामनगर स्थित प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव धाम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर की आधारशिला रखी और दरियाबाद में आयोजित जनसभा में करीब 550 करोड़ रुपये की लागत वाली 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बाराबंकी के लोगों के “दोनों हाथों में लड्डू” हैं, क्योंकि जिले को एक साथ विकास और धार्मिक पर्यटन का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि लोधेश्वर महादेव धाम के विकास से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और व्यापार के नए अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की उपेक्षा की। योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में महिलाओं की सुरक्षा बड़ी चुनौती थी और आज भी लोग उस दौर को नहीं भूले हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने वर्षों तक लोधेश्वर महादेव धाम के विकास पर ध्यान नहीं दिया। वहीं, उनकी सरकार धार्मिक स्थलों के संरक्षण और विकास के साथ-साथ आधुनिक बुनियादी ढांचे को भी मजबूत कर रही है।

कानून-व्यवस्था और औद्योगिक विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश अपराध के लिए जाना जाता था, जबकि आज उत्तर प्रदेश रक्षा उत्पादन का बड़ा केंद्र बन रहा है। उन्होंने बताया कि लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है, जो प्रदेश की बदलती तस्वीर का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने परियोजना की लागत की दोबारा समीक्षा कराकर कम खर्च में बेहतर गुणवत्ता के साथ एक्सप्रेसवे का निर्माण पूरा कराया, जिससे सरकारी धन की बड़ी बचत हुई।