बरसात से पहले एक्शन मोड में मेयर सौरभ थपलियाल, शहर को जलभराव और गंदगी से मुक्त रखने के दिए सख्त निर्देश

बरसात से पहले एक्शन मोड में मेयर सौरभ थपलियाल, शहर को जलभराव और गंदगी से मुक्त रखने के दिए सख्त निर्देश

देहरादून।आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए मेयर सौरभ थपलियाल ने नगर निगम कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में शहर की स्वच्छता व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण, नालों की सफाई, जलभराव की रोकथाम, गौशाला संचालन तथा अन्य जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस मौके पर मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि मानसून के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों की विशेष निगरानी की जाए तथा जलभराव की आशंका वाले स्थानों पर समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

नालों की सफाई की प्रगति, कूड़ा उठान व्यवस्था, स्वच्छता अभियान और नगर निगम की आपातकालीन तैयारियों की समीक्षा करते हुए मेयर ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता, नागरिक सुरक्षा और बेहतर मूलभूत सुविधाएं नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं।

नगर आयुक्त आलोक पांडेय ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों को गति देने, निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने तथा मानसून के दौरान त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान मेयर ने कहा कि देहरादूनवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्रतिबद्धता है। जनहित सर्वोपरि है और विकास की गति निरंतर जारी रहेगी।

बैठक में नगर आयुक्त आलोक पांडेय, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद शुक्ला, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. वरुण अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे